सुल्तानपुर। सावन के छठवें सोमवार को शहर से लेकर गांव तक के शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगने लगी। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर परिवार के सुख-समृद्धि व उन्नति की कामना की। महिलाओं ने भी सोमवार का व्रत रखकर विधि विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
भोर से ही शिवालय ऊं नम: शिवाय, हर-हर महादेव, पार्वती पतये हर-हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठे। शिवजी को बेल, धतूरा, भांग, भस्म , चंदन, अक्षत अर्पित किया गया। घी, शक्कर, पंचमेवा व गुड़ का भोग लगाया गया। साथ ही मां पार्वती और नंदी जी को भी गंगाजल व दूध चढ़ाया गया। गणेश जी की भी पूजा की गई।
जगह-जगह धूप-दीप जलाकर भोलेनाथ की आरती की गई। लंभुआ के जनवारी धाम, धम्मौर के महेशनाथ,बेलवाई के शिवधाम, शाहपुर चांदा स्थित पौराणिक शिव मंदिर, कोइरीपुर स्थित शिवालय में दिनभर भक्ताें का तांता लगा रहा। इसके अलावा सिविल लाइंस के नर्वदेश्वर मंदिर, रामलीला मैदान के सिद्धेश्वरनाथ, सिविल लाइंस के पारिजात शिव मंदिर, एमजीएस चौराहा स्थित त्रयंबकेश्वर मंदिर, नयानगर स्थित महाकालेश्वर मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की।
सावन महीने की शुरुआत चार जुलाई से हुई है। छह सोमवार पर भक्त श्रद्धापूर्वक व्रत रख चुके हैं। अब शेष 21 और 28 अगस्त को भक्त सावन के सोमवार पर व्रत रखेंगे।