सुल्तानपुर। जिले में डेंगू का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। बड़ी संख्या में लोग इसकी चपेट में हैं। शुक्रवार को शहर के तीन स्थानों पर मलेरिया विभाग ने शिविर लगाकर 92 लोगों की जांच की जिसमें आठ लोग डेंगू से पीड़ित मिले। इसके साथ जिला अस्पताल में 141 लोगों की जांच में 31 लोग पीड़ित मिले हैं।
जिला अस्पताल में ओपीडी में बुखार पीड़ित मरीजों की भीड़ लग रही है। शुक्रवार को चिकित्सक को दिखाने पहुंचे 141 लोगों की डेंगू की जांच की गई। अस्पताल के लैब टेक्नीशियन शेषनाथ ने बताया कि जांच में 31 लोग डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। इसके साथ मलेरिया विभाग शहर में शिविर लगाकर लोगों की जांच रहा है। विभाग के वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन आरपी सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार को टीम ने लोक निर्माण विभाग के पास 12 लोगों की जांच जिनमें दो लोग डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। निरालानगर में 40 लोगों की जांच हुई, जिसमें छह डेंगू से पीड़ित पाए गये हैं। अमहट के पास लगाए गए शिविर में 40 लोगों की जांच की गई, हालांकि यहां कोई पॉजिटिव नहीं मिला।