सुल्तानपुर। जिले में डेंगू से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। डेंगू से पीड़ित एक महिला की शनिवार की रात उपचार के दौरान लखनऊ के एक अस्पताल में मौत हो गई। वहीं, दो मोहल्लों में रविवार को हुई 134 लोगों की जांच में डेंगू के छह नए केस मिले हैं। अवकाश होने के कारण जिला अस्पताल में डेंगू की जांच नहीं हो सकी।
कूरेभार क्षेत्र के परवर गांव निवासी फैसल कपड़े के बड़े कारोबारी हैं। फैसल की पत्नी जीनत (38) को कई दिनों से बुखार था। जांच में डेंगू पॉजिटिव पाए जाने पर परिजनों ने जीनत को लखनऊ के सहारा अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान शनिवार की रात करीब डेढ़ बजे जीनत की मौत हो गई। रविवार को परिजन शव लेकर गांव पहुंचे। परिजनों ने शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। इसके साथ जिले में डेंगू से मरने वालों की संख्या 13 हो गई है।
शहर के कई मोहल्लों में डेंगू का प्रकोप है। लोग लगातार डेंगू की चपेट में आ रहे है। हालात को देखते हुए मलेरिया विभाग की टीम लगातार अलग-अलग मोहल्लों में शिविर लगाकर जांच कर रही है। रविवार को लैब टेक्नीशियन आरपी सिंह के अगुवाई में शहर के विवेकनगर और सिरवारा रोड पर 134 लोगों की डेंगू की जांच की गई। जांच में छह लोग पॉजिटिव मिले हैं।