सुल्तानपुर। जिले में डेंगू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर में लोग लगातार डेंगू की चपेट में आकर अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। बृहस्पतिवार को डेंगू पीड़ित एक सिपाही की मौत हो गई। इसके साथ 34 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। डेंगू से जान गंवाने वाले सिपाही की तैनाती अयोध्या डीआईजी के कार्यालय में थी। डेंगू पॉजिटिव पाए जाने पर उसे शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके साथ ही एक माह के दौरान जिले में डेंगू से मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है।
गोसाईंगंज क्षेत्र के सिरवारा कोडरे निवासी मुशीर अहमद (34) पुलिस विभाग में सिपाही थे। वर्तमान में मुशीर अहमद की तैनाती डीआईजी अयोध्या के कार्यालय में थी। एक हफ्ते पहले मुशीर को बुखार हुआ तो उन्होंने अपनी डेंगू की जांच कराई थी। तीन दिन पहले मुशीर अहमद घर पहुंचे थे। डेंगू की पुष्टि होने पर मुशीर को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बृहस्पतिवार की सुबह करीब चार बजे मुशीर की मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर पहुंचे तो परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया है।
मलेरिया विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को शहर के एमएसवी इंटर कॉलेज के पास शिविर लगाकर 40 लोगों की एनएस-1 डेंगू की जांच की, जिसमें तीन लोग पॉजिटिव पाए गए। पल्टन बाजार में 40 लोगों की जांच की गई, जिसमें दो लोग डेंगू पॉजिटिव मिले हैं। वहीं, जिला अस्पताल के वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन शेषनाथ ने बताया कि बृहस्पतिवार को पैथोलॉजी में 133 लोगों की एनएस-1 डेंगू की जांच की गई। जांच में 29 नए केस मिले हैं। एक साथ 34 केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी परेशान हैं। पॉजिटिव पाए गए लोगों का सैंपल एलाइजा जांच के लिए भेजा गया है।