फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डेंगू से महिला ने तोड़ा दम, 41 मरीज मिले

विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। शहर में डेंगू का प्रकोप लगातार जारी है। डेंगू से पीड़ित एक महिला की उपचार के दौरान लखनऊ में मौत हो गई। इसी के साथ दो सप्ताह के दौरान जिले में डेंगू से मरने वालों की संख्या आठ हो गई है। मलेरिया विभाग ने बृहस्पतिवार को शहर के लाला का पुरवा और घरहा खुर्द गांव में शिविर लगाकर 150 लोगों की एनएस-1 डेंगू की जांच की, जिसमें 30 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। वहीं, जिला अस्पताल के पैथोलॉजी में 78 लोगों की जांच में 11 केस मिले हैं। एक साथ 41 केस मिलने से स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी परेशान हैं। पॉजिटिव पाए गए लोगों का नमूना एलाइजा जांच के लिए भेजा गया है।
विज्ञापन

शहर के करौंदिया मोहल्ले में शिक्षक शोएब की मां राबिया बानो (80) पत्नी मोहम्मद हसीब को कई दिनों से बुखार था। परिजनों ने राबिया बानो की डेंगू की जांच कराई तो वे पॉजिटिव पाई गई थीं। हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें परिजनों ने लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां बुधवार को चिकित्सकों ने जवाब दे दिया। परिजन राबिया बानो को लेकर घर चले आए। शाम को उनकी मौत हो गई। इसी के साथ जिले में डेंगू से मरने वाले ज्ञात मरीजों की संख्या आठ हो गई है।
उधर, बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में बुखार से पीड़ित बहुत से मरीज चिकित्सकों को दिखाने पहुंचे। चिकित्सक ने 78 लोगों की एनएस-1 डेंगू की जांच कराई। इस जांच में 11 लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। एक साथ 11 लोगों के पॉजिटिव पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी परेशान हैं। जिला मलेरिया अधिकारी बंशीलाल के आदेश पर लैब टेक्नीशियन आरपी सिंह के नेतृत्व में शहर के लाला का पुरवा में शिविर लगाकर 80 लोगों की एनएस-1 डेंगू की जांच की गई। जांच में 18 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इसके साथ ही घरहा खुर्द में शिविर लगाकर 70 लोगों की एनएस-1 डेंगू की जांच की गई, जिसमें 12 लोग पॉजिटिव मिले हैं।
विज्ञापन

जिला मलेरिया अधिकारी बंशीलाल ने बताया कि बृहस्पतिवार को मलेरिया विभाग की ओर से दो स्थानों पर कैंप लगाकर 150 लोगों की एनएस-1 डेंगू की जांच की गई। जिसमें से 30 लोग डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। मलेरिया विभाग की ओर से लार्वारोधी दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। जिला अस्पताल के पैथोलॉजी के वरिष्ठ लैब टेक्नीशियन शेषनाथ ने बताया कि बृहस्पतिवार को 78 लोगों की एनएस-1 डेंगू की जांच की गई। जांच में 11 लोग पॉजिटिव मिले हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें