सुल्तानपुर। एसडीएम जयसिंहपुर के पेशकार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव रविवार भोर में सड़क किनारे एक होटल पर पाया गया। परिजनों के अनुसार पेशकार की जेब में रखे 50 हजार रुपये के साथ ही मोबाइल फोन गायब है। पेशकार की मौत की सूचना पर पुलिस के साथ एसडीएम भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
गोसाईंगंज क्षेत्र के उघड़पुर निवासी संजीव कुमार दूबे (48) एसडीएम जयसिंहपुर के पेशकार थे। संजीव मुख्यालय स्थित एजूकेशन कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। शनिवार शाम संजीव बाइक से जयसिंहपुर एसडीएम कोर्ट में ड्यूटी करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। रात तक वे घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने सोचा कि कहीं व्यस्त होंगे। रविवार भोर में गोसाईंगंज क्षेत्र के फतेहपुर संगत के पास एक होटल के बाहर उनका शव पाया गया। स्थानीय लोगों से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने आधार कार्ड के जरिए शव की शिनाख्त करते हुए परिजनों को सूचित किया। पेशकार की मौत की जानकारी मिलते ही एसडीएम जयसिंहपुर संजीव यादव, एसओ राघवेंद्र प्रताप रावत मौके पर पहुंच गए।
परिवार में मचा कोहराम
संजीव कुमार दूबे दो भाई थे। छोटा भाई अमित है। संजीव के परिवार में पत्नी उमा के साथ ही तीन बेटे हैं। बेटों में ऋषभ दूबे, अभय दूबे और सत्यम दूबे हैं। संजीव की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।