मो. आरिफ। फाइल फोटो
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। कूरेभार क्षेत्र के सरैया मझौवा गांव निवासी शान उल्ला का पुत्र मो. आरिफ (22) शुक्रवार दोपहर घर से क्रिकेट मैच खेलने के लिए धनजई गांव गया था। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसके मोबाइल पर फोन करना शुरू किया। इस बीच उसका मोबाइल लगातार स्विच ऑफ था। परेशान परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन कहीं पता नहीं चला।
पुलिस ने शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे आरिफ के परिजनों को एक युवक का शव पनभरिया सैदखानपुर पटना पास रेलवे ट्रैक पर मिलने की सूचना दी। परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक की शिनाख्त आरिफ के रूप में की। आरिफ की मौत की सूचना से घर में कोहराम मच गया। सरैया मझौवा गांव निवासी शान उल्ला के चार बेटे हैं। इनमें आरिफ सबसे छोटा और अविवाहित था। कूरेभार के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।