सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर अभियाखुर्द गांव के पास शनिवार देर शाम एक युवक का शव पड़ा देखा गया। वाराणसी से आ रही श्रमजीवी अप एक्सप्रेस के चालक ने इसकी सूचना कोतवाली देहात की पुलिस व जीआरपी को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। आशंका जताई जा रही है कि किसी ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। कोतवाली देहात प्रभारी शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।