सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर स्थित नरहरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर सोमवार की सुबह एक युवक का शव पाया गया। ट्रैक का निरीक्षण करने निकले कीमैन वीरेंद्र कुमार ने शव पड़ा देखा। शव खून से लथपथ था। स्टेशन अधीक्षक एसबी सिंह ने बताया कि सुबह साढ़े सात बजे पीडब्ल्यूआई संदीप कुमार ने इसकी जानकारी रेलवे स्टेशन पर दी। सूचना पर आरपीएफ चौकी प्रभारी महावीर प्रसाद व स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। स्थानीय लोगों से मृतक की पहचान नहीं हो सकी। आरपीएफ चौकी प्रभारी महावीर प्रसाद ने बताया कि युवक की उम्र 25 से 30 वर्ष के बीच होगी। उन्होंने ट्रेन से गिरने की आशंका जताई है।