जयसिंहपुर (सुल्तानपुर)। कोतवाली क्षेत्र जयसिंहपुर के मसीरपुर गांव में पांच दिन से लापता युवक का शव सोमवार सुबह एक कुएं में पड़ा दिखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मसीरपुर गांव निवासी फुद्दीलाल का पुत्र अंकेश (22) गत 22 नवंबर को घर से निकला था। 24 घंटे बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को संदेह हुआ। मां सुशीला देवी ने बेटे के लापता होने की जानकारी जयसिंहपुर कोतवाली को 23 नवंबर को दी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
काफी भाग-दौड़ के बाद 24 नवंबर को दोबारा अंकेश की मां ने अनहोनी की आशंका जताते हुए गांव के ही एक व्यक्ति पर आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। अंकेश की मां का आरोप है कि पुलिस ने तहरीर बदलवाकर गुमशुदगी का केस दर्ज कराया फिर भी कोई कार्रवाई नहीं की।
सोमवार को ग्रामीणों ने गांव स्थित कुएं में एक युवक का शव देखा। मृतक की शिनाख्त अंकेश के रूप में की गई। उसकी मौत का पता चलते ही घर में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में गांव वालों की भीड़ कुएं के पास जुट गई।
ग्रामीणों की सूचना पर जयसिंहपुर कोतवाली पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से कुएं से शव निकलवाया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। घटना की जानकारी होने पर एसडीएम जयसिंहपुर अरविंद कुमार व सीओ प्रशांत सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस संबंध में पुलिस उपाधीक्षक प्रशांत सिंह ने बताया कि मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घर का जिम्मेदार सदस्य था अंकेश अंकेश मजदूरी करता था। घर की जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी। करीब आठ माह पहले उसका विवाह हुआ था। उसकी मौत से दो भाइयों, दो बहनों व गर्भवती पत्नी प्रियंका का रो-रोकर बुरा हाल है।