चांदा (सुल्तानपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर गांव में शुक्रवार की सुबह एक युवती का शव पेड़ की डाल पर फंदे से लटका देखा गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के सदरपुर गांव निवासी राम मिलन धुरिया की चार संतानें थीं। तीन बहनों में रागिनी (26) सबसे छोटी थी व एक भाई कृष्णा है। रागिनी की शादी भी हो चुकी थी। काफी दिनों से वह मायके में मां जड़ावती के साथ रह रही थी। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह रागिनी बिना किसी से कुछ बताए घर से निकली।
वह काफी देर तक नहीं लौटी तो तलाश की गई। घर से कुछ दूरी पर स्थित एक पेड़ की डाल से उसका शव फंदे पर लटका देखा गया। घटना से रागिनी के परिवार में रोना-पीटना मचा है। चांदा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।