सुल्तानपुर। शहर के दरियापुर मोहल्ले में घर के अंदर विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला। उसके भाई की तहरीर पर पुलिस ने हत्या के लिए उकसाने का केस पति समेत पांच के खिलाफ दर्ज किया है। इस दौरान कोतवाली में मायके व ससुराल पक्ष के लोगों के बीच तीखी तकरार को लेकर हंगामे का माहौल बना रहा।
कोतवाली नगर क्षेत्र के दरियापुर मोहल्ला निवासी बर्तन व्यवसायी तुषार बरनवाल की शादी छह फरवरी 2006 को जौनपुर जिले के कोतवाली नगर के ढालगर तोला के प्रहलाद बरनवाल की पुत्री सुषमा बरनवाल के साथ हुई थी। सोमवार को सुषमा का शव ससुराल में स्थित मकान के अंदर फंदे पर लटका मिला। मृतका के भाई संजय बरनवाल ने ससुरालीजनों पर बहन की हत्या करने का आरोप लगाया है।
उनका आरोप है कि बहन की सास व अन्य ससुरालीजन उनकी बहन को प्रताड़ित करते थे और विवाह विच्छेद व मायके जाने का दबाव बनाते थे। संजय ने कम दहेज के चलते हत्या करने का आरोप लगाते हुए मृतका के पति व अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी ने बताया कि तहरीर मिली है। आत्महत्या के लिए उकसाने का केस पति, सास, देवर, ननद और ननद के पति के खिलाफ दर्ज किया गया है।
बेटों के सर से उठा मां का साया
सुषमा की के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा इशान 15 वर्ष कक्षा 11 का छात्र है और छोटा बेटा प्रत्युष 12 वर्ष कक्षा आठ का छात्र है। दोनों कोतवाली नगर में अपने मामा और मौसी के साथ बैठे सदमे थे। मां सुषमा बरनवाल के शव के पोस्टमार्टम हो रहा था और इधर दोनों बेटे कोतवाली में बैठकर बिलख रहे थे और समझ नहीं पा रहे थे कि मामा के साथ रहें या दादी के साथ घर जाएं।
कोतवाली में महिलाओं के बीच नोकझाेंक
मृतका की बहन सोनी बरनवाल और सास उमा बरनवाल में दोनों बेटों को अपने साथ ले जाने के लिए नोकझोंक हो गई। सोनी बरनवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि अभी हाल ही में एक माह पूर्व इन्होंने पंचायत बुलाकर शपथपत्र पर हस्ताक्षर करने को कहा था कि यदि आपकी बहन को कुछ होता है तो हमारी जिम्मेदारी नही होगी।