धम्मौर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के भांटी गांव में मंगलवार को सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताई है।
धम्मौर थाना क्षेत्र के भांटी गांव निवासी हृदयराम का पुत्र कपिल देव (26) रविवार भोर घर से निकला था। बताया जा रहा है कि वह घर नहीं लौटा तो परिजनों को संदेह हुआ। खोजबीन के दौरान पता चला कि घर से थोड़ी दूर जंगल में एक युवक का शव पेड़ पर फंदे से लटका देखा गया है। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के अनुसार युवक के गले में फंदा कसा था, लेकिन उसके दोनों पैर जमीन पर टिके थे। इसी बीच पहुंचे हृदयराम के परिवार ने शव की शिनाख्त की।
पुलिस व फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके पर कुछ नमूने भी एकत्र किए। धम्मौैर थाने के प्रभारी निरीक्षक तरुण कुमार पटेल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। मामले की जांच की जा रही है। बताया जाता है कि कपिलदेव की पत्नी सुनैना करीब 10 दिन पहले अपने चार बच्चों के साथ मायके चली गई थी। सभी बच्चे अभी छोटे हैं। उसकी मौत से चार बच्चों के सिर से पिता का साया छिन गया। परिवार में चीख-पुकार मची है।