सुल्तानपुर। अधिवक्ता आजाद अहमद हत्याकांड में सोमवार को एफटीसी प्रथम जज जलाल मोहम्मद अकबर की अदालत में साक्षी एफआईआर लेखक शशिकांत यादव हाजिर हुए। उनसे बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने जिरह की कार्यवाही पूरी किया। वहीं, इसी मामले में आरोपी समीम उर्फ लड्डन व अखतरुन निशा की तरफ से वादी मो. शमीम को गवाही के लिए फिर से तलब करने के लिए अर्जी दी गई है। कोतवाली देहात के भुलकी चौराहे के पास छह अगस्त 2023 को अधिवक्ता आजाद अहमद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में मुख्य आरोपी इनामी सिराज अहमद पुलिस की पकड़ से दूर है। शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि 10 जुलाई 2024 को दोनों आरोपियों की तरफ से जिरह नहीं की गई थी, जबकि अन्य आरोपियों से जिरह की कार्यवाही पूरी कर ली गई। आरोपियों की अर्जी पर अभियोजन पक्ष को आपत्ति पेश करने के लिए 25 सितंबर की तारीख तय की गई है।