सुल्तानपुर। कोरोना जैसी घातक बीमारी से निपटने के लिए अब सुल्तानपुर तैयार होने लगा है। इसके लिए चिकित्सा शिक्षा विभाग ने यहां सौ बेड के क्रिटिकल केयर अस्पताल को मंजूरी दे दी है। इसके लिए मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकीय परिसर में जमीन की पैमाइश भी हो चुकी है। जमीन की उपलब्धता हो जाने पर शासन से स्वीकृति मिलते ही इस्टीमेट तैयार किया जाएगा।
क्रिटिकल केयर अस्पताल को मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकीय परिसर में ही बनाया जाना है। ऐसे में शासन से अस्पताल की मंजूरी मिलने के बाद प्राचार्य और सीएमएस ने यहां जमीन की पैमाइश करवाई। पहले योजना थी कि महिला अस्पताल को तोड़कर ही यहां क्रिटिकल केयर अस्पताल बनाया जाए लेकिन इस अस्पताल के लिए 4500 वर्गमीटर जमीन की जरूरत है। केवल महिला अस्पताल तोड़ने से जमीन की जरूरत पूरी नहीं हो रही थी।
यह भी प्रयास किया गया कि इस अस्पताल को बहुमंजिला बनाया जाए लेकिन क्रिटिकल केयर से जुड़े रोगी होने के कारण इसे आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण से उचित नहीं माना गया। इसलिए अब इस अस्पताल को महिला अस्पताल और इमरजेंसी तोड़कर बनाए जाने की योजना है।
ये सुविधाएं मिलेंगी
क्रिटिकल केयर अस्पताल में हर बेड पर वे सारी सुविधाएं मिलेंगी जो आईसीयू (गहन चिकित्सा इकाई) में होती हैं। अस्पताल में इसी के अनुरूप चिकित्सकों और स्टाफ की तैनाती की जाएगी और सारे उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
जल्द बनेगा अस्पताल
100 बेड के क्रिटिकल केयर अस्पताल को मंजूरी मिल गई है। इसके लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराने के लिए महिला अस्पताल के अलावा इमरजेंसी को भी तोड़ने की जरूरत पड़ेगी। जैसे ही शासन से जमीन का प्रस्ताव स्वीकृत कर देगा, अस्पताल के निर्माण का इस्टीमेट बनना शुरू हो जाएगा।
-डॉ. सलिल श्रीवास्तव, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज