दोस्त के साथ कॉलेज में परीक्षा देने जा रहे छात्र को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। दुर्घटना में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दोस्त बाल-बाल बच गया। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
धम्मौर थाना क्षेत्र के परतोष तिराहे के पास शुक्रवार की सुबह बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। दुर्घटना में बाइक सवार अश्विनी कुमार (22) पुत्र केशव राम निवासी पुरानी आबकारी सदर मोड़ जिला प्रतापगढ़ की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा युवक उपेंद्र श्रीवास्तव पुत्र आनंद कुमार बाल बाल बच गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। हादसे के वक्त छात्र ने हेलमेट नहीं पहना था।
किराए के कमरे में रहता था छात्र
परतोष। दुर्घटना में बाल-बाल बचे उपेंद्र कुमार ने बताया कि अश्विनी अमेठी के राजर्षि रणंजय सिंह फार्मेसी कॉलेज का छात्र था और राम नगर के कटरा गांव के पास किराए पर कमरा लेकर रहता था। शुक्रवार को अश्विनी केएनआईपीएसएस सुल्तानपुर में ऑर्गेनिक फार्मेसी की बैक पेपर की परीक्षा देने के लिए उसके साथ निकला था तभी यह हादसा हो गया।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था अश्विनी
परतोष। प्रतापगढ़ जिले के पुरानी आबकारी सदर मोड़ निवासी केशव राम प्रतापगढ़ में ही पशु चिकित्सालय में तैनात हैं। केशव राम के तीन पुत्रों में अश्विनी कुमार सबसे छोटा था। अश्विनी की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।