जिले में धारा 144 लागू होने के बावजूद सपाइयों ने मंगलवार को खुलेआम शस्त्रों का प्रदर्शन किया। मौका था बसपा नेता की पत्नी को सपा की सदस्यता दिलाने के लिए आयोजित कार्यक्रम का। सपा के चार विधायकों के साथ ही तमाम पुलिस कर्मी वहां मौजूद थे, लेकिन किसी ने असलहों के प्रदर्शन पर ऐतराज नहीं जताया।
बसपा नेता शिव कुमार सिंह की पत्नी ऊषा सिंह ने मंगलवार को सुपर मार्केट स्थित सपा कार्यालय पर सपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके लिए बाकायदा सपा कार्यालय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष प्रो. राम सहाय यादव, सुल्तानपुर विधायक अनूप संडा, सदर विधायक अरुण वर्मा, कादीपुर विधायक रामचंद्र चौधरी, इसौली विधायक अबरार अहमद, पूर्व एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शकील अहमद, कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन धर्मेंद्र सिंह बबलू के साथ ही कई अन्य नेता भी मौजूद थे।
शहर में जुलूस निकाला गया और शक्ति प्रदर्शन हुआ। सपा कार्यालय के अंदर खुलेआम राइफलधारी, बंदूकधारी विधायकों को मिले गार्ड के साथ चहलकदमी करते दिखे। वहीं सपा कार्यालय के चारों तरफ कई लोग शस्त्रों के साथ तैनात दिखे। जुलूस के दौरान कोतवाली नगर की पुलिस भी मौजूद थी, लेकिन किसी को असलहे नहीं दिखे, जबकि जिले में धारा 144 लागू है।
होगी कार्रवाई: सीओ सिटी
सीओ सिटी नवीन कुमार सिंह ने बताया कि यदि किसी ने धारा 144 लागू होने के बाद शस्त्रों का प्रदर्शन किया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई किया जाएगा। कार्यक्रम की वीडियो फुटेज खंगाल कर लोगों को चिह्नित किया जाएगा।