पुलिस रेप व चोरी के आरोपी को पांच दिनों तक लॉकअप में रखकर टॉर्चर करती रही। इस पर ग्रामीणों के सब्र का बांध सोमवार को टूट गया। ग्रामीणों ने कोतवाली का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। दबाव में आई पुलिस ने आनन-फानन में महिला से रेप व चोरी की तहरीर लेकर युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया।
जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बीते 6/7 जुलाई की रात में चोरी हुई था। घर में रहने वाली महिला के मुताबिक आरोपी अमरनाथ पुत्र छोटेलाल निवासी ज्ञानपुर कोतवाली जयसिंहपुर ने उसके साथ रेप भी किया था। पुलिस पांच दिन से अमरनाथ को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। पांच दिनों से पुलिस हिरासत में कोतवाली में रखे गए अमरनाथ के परिवारीजनों के साथ ही ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया।
ग्रामीणों का आरोप था कि पुलिस उसे छोड़ने के लिए रुपये मांग रही थी। सोमवार को बगिया गांव के प्रधान राम विशाल यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कोतवाली जयसिंहपुर का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अचानक ग्रामीणों के तेवर देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में पुलिस ने महिला को बुलाकर तहरीर ली और अमरनाथ के खिलाफ रेप व चोरी का मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।
इस बाबत जयसिंहपुर कोतवाल विनेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर पर पूर्व में ही अमरनाथ के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। आरोपी को सोमवार की दोपहर पीढ़ी चौराहे के पास से गिरफ्तार किया गया है।