पीढी चौराहे के पास बुधवार की देर रात पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान मवेशियों से लदी एक पिकअप का पीछा किया तो वह अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। वाहन पर सवार चालक समेत तीन लोग फरार हो गए। पुलिस ने वाहन से छह वध प्रतिबंधित मवेशियों को बरामद किया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया।
जयसिंहपुर कोतवाली के एसआई सुनील पांडेय बुधवार की रात पीढी चौराहे के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। रात करीब एक बजे पुलिस ने एक पिकअप को रोका तो उसका चालक वाहन लेकर भागने लगा। पुलिस ने वाहन का पीछा किया तो पिकअप क्षेत्र के बौरा जगदीशपुर गांव के पास अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। दुर्घटना के बाद चालक समेत तीन लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी में वाहन पर छह वध प्रतिबंधित मवेशी बरामद किए गए। पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया है। एसआई ने बताया कि तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बरामद मवेशियों को ग्रामीणों की सुपुर्दगी में दिया गया है।