चांदा के खानपुर गांव में बुधवार की सुबह एक हृदय विदारक घटना से ग्रामीण सहम गए। संदिग्ध दशा में पांच साल के बेटे के साथ मां की मौत हो गई। परिवारीजनों ने बिना पुलिस को सूचित किए शवों का गौरीशंकर घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। हरकत में आई पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
चांदा कोतवाली क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी रवि प्रताप सिंह की पत्नी गीता सिंह (26) और पांच वर्षीय बेटा अभि बुधवार की सुबह करीब नौ बजे घर के अंदर मृत पाए गए। परिवारीजनों ने दोनों शवों का क्षेत्र के गौरीशंकर घाट पर देर शाम अंतिम संस्कार कर दिया।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना चांदा कोतवाल आरपी ओझा को दी। कोतवाल ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए दरोगा राणा प्रताप को खानपुर गांव भेजा। दरोगा जब तक गांव पहुंचे शवों का अंतिम संस्कार हो चुका था। दरोगा राणा प्रताप ने बताया कि पूछताछ में परिवारीजनों ने बताया कि गीता बुधवार की सुबह करीब छह बजे अपने बेटे अभि के साथ खेत गई थी। वापस लौटने पर दोनों चारपाई पर लेटे थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थिति साफ होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अभी किसी ने कोई शिकायत नहीं की है।