तीन दिनों से घर से लापता एक प्रेमी युगल का क्षत-विक्षत शव गांव के बाहर स्थित रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत पाया गया। युवक और किशोरी के एक-एक हाथ दुपट्टे से बंधे थे। पुलिस दोनों की मौत को खुदकुशी मान रही है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
अखंडनगर थाना क्षेत्र के हरपुर गांव निवासी देवचंद (20) पुत्र योगेंद्र का गांव की उजाला (16) पुत्री मुंशीलाल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। तीन दिन पूर्व दोनों एक साथ घर से भाग गए थे। परिवारीजन दोनों की तलाश में जुटे थे। रविवार की सुबह खेत गए ग्रामीणों को हरपुर गांव के बाहर स्थित रेलवे लाइन पर दोनों का क्षत-विक्षत शव दिखाई पड़ा। दो शवों की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
युवक और किशोरी के परिवारीजनों समेत सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का मानना है कि दोनों ने ट्रेन से कटकर खुदकुशी की है। एसओ अखंडनगर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि देवचंद और उजाला के एक-एक हाथ दुपट्टे से बंधे थे। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। दोनों प्रेमी युगल थे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।