जेल में बंद खूंखार अपराधियों को फर्जी बेलबांड तैयार कर सलाखों से बाहर निकालने के गिरोह का पुलिस ने शनिवार को खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह अब तक चार अपराधियों को फर्जी बेलबांड के सहारे बाहर निकाल चुका है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पुलिस की मुहर समेत अन्य दस्तावेज भी बरामद किया है। गिरोह में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
लंभुआ पुलिस को सूचना मिली थी कि एक गिरोह संगीन अपराधों में लिप्त अपराधियों के जमानत में फर्जीवाड़ा कर रहा है। पुलिस ने इसके लिए गिरोह की तलाश शुरू की। इंस्पेक्टर लंभुआ धर्मराज उपाध्याय ने इसकी सूचना एसपी अमित वर्मा को दी। एसपी ने हर हाल में गिरोह में शामिल आरोपियों को गिरफ्तारी का आदेश दिया था। शुक्रवार की देर शाम मुखबिर ने सूचना दिया कि मदनपुर गांव के समीप दो लोग मौजूद हैं।
पुलिस ने बिना समय गंवाए मदनपुर पहुंच कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान दोनों की पहचान भदैंया निवासी अंबिका प्रसाद सिंह व चाचपारा निवासी रमेश यादव के रूप में हुई। इनके पास से दोस्तपुर कोतवाली से पकड़े गए लूट के अभियुक्त अंबुज यादव के जमानतदार के फर्जी दस्तावेज व पुलिस की मुहर लगा बेलबॉंड बरामद हुआ। इंस्पेक्टर ने बताया कि इस गिरोह को फर्जी जमानत दस्तावेज तैयार करने में महारथ हासिल है। लंभुआ पुलिस को एसपी ने 15 सौ रुपये इनाम दिया है।