महिलाओं सुविधा के लिए खोला गया मेवपुर एएनएम सेंटर खुद बीमार है। 30 वर्षो से एएनएम सेंटर पर ताला लटक रहा है। इसकी वजह से 10 गांवों की महिलाओं को 25 किलोमीटर दूर प्रसव के लिए कादीपुर सीएचसी जाना पड़ता है।
स्वास्थ्य विभाग की जांच में आज तक इस सेंटर पर किसी की नजर भी नहीं पड़ी। करौंदीकलां क्षेत्र के मेवपुर गांव में तीन दशक पूर्व एएनएम सेंटर की स्थापना की गई थी। दुर्भाग्य से आज तक इस एएनएम सेंटर पर एएनएम व आशा बहू नहीं पहुंची हैं।
पीएचसी के चिकित्सक भी इस सेंटर के बारे में कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे हैं।
सीएमओ डॉ. केबी सिंह बताते हैं कि एएनएम सेंटर मेवपुर की बिल्डिंग जर्जर है। इसलिए सेंटर बंद चल रहा है। एएनएम सेंटर की बिल्डिंग की मरम्मत कराकर दोबारा सेंटर बहाल किया जाएगा।