नशीला पदार्थ सुंघा कर
20 हजार रुपये ले उडे़
अमर उजाला ब्यूरो
कुड़वार (सुल्तानपुर)। बैंक से रुपया निकालकर घर जा रहे एक युवक को दो युवकों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर 20 हजार रुपये लूट लिया। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच में जुटी है।
कुड़वार थाना क्षेत्र के कुड़ियारा निवासी सुरेश निषाद पुत्र राम अवध बृहस्पतिवार को दोपहर बड़ौदा पूर्वी उत्तर प्रदेश बैंक की शाखा से रुपया निकाला था। वह बैंक से 20 हजार रुपये निकालकर जैसे ही बाहर पहुंचा तभी दो युवक उसे मिले। दोनों युवकों ने सुरेश से कहा कि उसके मुंह पर मक्खी लग रही है। यह कहते हुए दोनों युवक ने गमझे से उसके मुंह पर हल्की सी थप्पी दी। इसके बाद सुरेश रुपये लेकर घर की ओर बढ़ा। रास्ते में उसे चक्कर आ गया और वह बेहोश हो गया। होश में आने पर उसके पास रखा रुपया गायब था। इस बाबत एसओ कुड़वार अजयप्रताप सिंह यादव ने बताया कि पुलिस बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।