बीमारी से तंग शिक्षक की पत्नी
ने आग लगाकर की खुदकुशी
क्रासर
पति गए थे कॉलेज, आस-पास के लोगों ने बुझाई आग
अमर उजाला ब्यूरो
लंभुआ (सुल्तानपुर)। बीमारी से तंग आकर शिक्षक की पत्नी ने मंगलवार की दोपहर शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। आस-पास के लोगों ने जब तक आग पर काबू पाया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के वक्त शिक्षक पति कॉलेज गए थे।
लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के दुबौली गांव निवासी प्रेम प्रकाश द्विवेदी एक प्राइवेट कॉलेज में प्रवक्ता हैं। प्रेम प्रकाश की पत्नी रीता (32) काफी दिनों से बीमार चल रही थी। मंगलवार की सुबह प्रेम प्रकाश कॉलेज चले गए, जबकि घर में रीता अपने तीन बच्चों के साथ थी। दोपहर में रीता ने शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। आस-पास के लोग किसी तरह से रीता के पास पहुंचे और आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पडोसियों ने ही इसकी सूचना प्रेम प्रकाश को दी। सूचना के बाद पहुंचे पति ने घटना से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पुलिस के मुताबिक रीता बीमार चल रही थी। बीमारी से तंग आकर उसने खुदकुशी कर ली।
इनसेट
करंट से महिला झुलसी
चांदा। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के तातोमुरैनी गांव निवासी मेराज की पत्नी शबनम (40) मंगलवार की सुबह कपड़ा प्रेस कर रही थी। तभी उसे करंट लग गया। गंभीर हालत में शबनम को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।