ससुर की करंट से मौत, बचाने में बहू भी झुलसी
अमेठी। पूरे मेड़ीलाल गांव में मंगलवार की शाम स्नान के बाद कपड़ा फैला रहे ससुर को करंट लग गया। मौके पर मौजूद बहू ने ससुर को बचाने की कोशिश की तो वह भी झुलस गई।
परिवारीजन दोनों को स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि ससुर ने दम तोड़ दिया। बहू को गंभीर हालत में जगदीशपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
बाजार शुकुल थाना क्षेत्र के पूरे मेड़ी लाल गांव निवासी हौसिला प्रसाद यादव (60) पुत्र ननकऊ मंगलवार की देर शाम स्नान के बाद कमरे के हुक के सहारे बांधे गए लोहे के तार पर कपड़ा फैला रहे थे।
तभी उन्हें करंट लग गया। हौसिला प्रसाद को बचाने के लिए उनकी बहू पूजा दौड़ी तो वह भी करंट की चपेट में आ गई। परिवारीजन मौके पर पहुंचे और दोनों को स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की तैयारी करने लगे लेकिन तब तक हौसिला की मौत हो चुकी थी।
पूजा की हालत नाजुक बताई जा रही है। पूजा को घर वालों ने जगदीशपुर सीएचसी में भर्ती कराया है। परिवारीजनों ने बताया कि लोहे का पतला तार हुक के सहारे कपड़ा फैलाने के लिए बांधा गया था।
उसी के बगल से बिजली की केबल गुजरी थी। केबल बीच में कटी थी। इससे तार में करंट उतर गया और यह हादसा हो गया।