जगदीशपुर (अमेठी)। साइकिल सवार छात्र को तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। दुर्घटना में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरी साइकिल पर सवार बड़ा भाई बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद मुसाफिरखाना पुलिस ने ट्रक को पकड़ लिया, जबकि चालक फरार हो गया।
मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के कंजास गांव निवासी श्रीराम पाल का बेटा लवकुश (16) व अंकुश पाल (13) जगदीशपुर थाना क्षेत्र के वारिसगंज में स्थित विद्या निकेतन इंटर कॉलेज में कक्षा 12 व कक्षा छह के छात्र थे। सोमवार सुबह लवकुश और अंकुश अलग-अलग साइकिल से स्कूल गए थे।
दोपहर बाद जब विद्यालय में छुट्टी हो गई तो दोनों भाई घर लौट रहे थे। अंकुश वारिसगंज चौराहे के पास जैसे पहुंचा तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। दुर्घटना में अंकुश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि लवकुश बाल-बाल बच गया। दुर्घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई।
लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। दुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रक चालक को मुसाफिरखाना पुलिस ने वाहन समेत पकड़ लिया। छोटे भाई की मौत से बड़ा भाई सदमे में है। मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के कंजास गांव निवासी श्रीराम पाल के परिवार में पत्नी सीता देवी के साथ ही दो बेटे थे।
इनमें बड़ा बेटा लवकुश है, जबकि छोटा अंकुश था। मां-बाप दोनों बेटों को बेहद प्यार करते थे। बेटों को किसी भी चीज की कमी न हो इसके लिए छोटे बेटे के कहने पर उसे भी दूसरी साइकिल दिलाई थी।