रिटायर्ड शिक्षिका से 60 हजार रुपये व चेन लूटी
सुल्तानपुर। बैंक से रकम निकालकर घर जा रही रिटायर्ड शिक्षिका से बाइक सवार तीन बदमाशों ने 60 हजार रुपये व सोने की चेन लूट ली।
विरोध करने पर बदमाश गोली मारने की धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के हमजापुर निवासी रामचंद्र सिंह की पत्नी रिटायर्ड शिक्षिका चंपा सिंह बुधवार को एसबीआई की दोस्तपुर शाखा से रुपये निकालने गई थीं। चंपा बैंक से 60 हजार रुपये निकालकर घर जा रही थीं।
वह कैथी जलालपुर के पास पहुंची थीं, तभी बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और तमंचा सटाकर 60 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाश गोली मारने की धमकी देते हुए चंपा के गले से सोने की चेन भी छीन ले गए।
पीड़िता की सूचना पर पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी की, लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा। इस बाबत थानाध्यक्ष धनंजय पांडेय ने बताया कि, केस दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।