पेट्रोल में मिलावट मिलने पर हंगामा
कादीपुुर। बरवारीपुर के पास स्थित पेट्रोल पंप पर शुक्रवार की सुबह उपभोक्ताओं ने उस समय हंगामा कर दिया जब बाइक में पेट्रोल भरवाने के चंद मिनट बाद ही उनकी बाइकें बंद हो गईं।
हंगामे के बाद पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए तत्काल पेट्रोल पंप पर तेल की बिक्री पर रोक लगाते हुए एसडीएम को सूचना दी।
एसडीएम के आदेश पर दो पूर्ति निरीक्षक पंप पर पहुंचे और पेट्रोल पंप से पेट्रोल व डीजल का सैंपल लेकर उसे जांच के लिए भेजा है। फिलहाल पंप पर बिक्री ठप है।
कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के बरवारीपुर के पास विजय फिलिंग स्टेशन है। शुक्रवार की सुबह करीब 10-12 बाइक सवार युवकों ने पंप से अपनी बाइक में पेट्रोल भरवाया था।
जैसे ही बाइकें पेट्रोल पंप से चंद कदम की दूरी पर पहुंचीं, एक के बाद एक बाइक बंद हो गईं। वाहन स्वामियों ने बाइक को मिस्त्री को दिखाया तो पता चला कि पेट्रोल में मिलावट है।
देखते ही देखते कई उपभोक्ता पेट्रोल पंप पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। पेट्रोल पंप पर तैनात कर्मचारियों व मैनेजर से हाथापाई की नौबत आ गई। इस बीच सूचना पाते ही उपनिरीक्षक केसी यादव पुलिस टीम के साथ पहुंच गए।
दरोगा ने उपभोक्ताओं को पेट्रोल पंप पर मिलने वाले पेट्रोल व डीजल की जांच कराने का आश्वासन देकर शांत कराया। एसआई ने पूरे मामले की सूचना एसडीएम कादीपुर प्रिया सिंह को दी।
एसडीएम ने पेट्रोल पंप से पेट्रोल व डीजल की बिक्री पर रोक लगा दी। साथ ही दो पूर्ति निरीक्षकों को सैंपल लेने के लिए भेजा। एसडीएम के आदेश पर पहुंचे दो पूर्ति निरीक्षकों ने पंप से सैंपल लेकर उसे जांच के लिए भेजा है।