वीपीएल पैसेंजर 26 जुलाई तक निरस्त
गौरीगंज। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक के यात्रियों की परेशानी समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। दर्जनों ट्रेनों की घंटों की लेटलतीफी के बीच रविवार को वीपीएल पैसेंजर का संचालन निरस्त कर दिया। ट्रेन का संचालन अचानक निरस्त होने से छोटे स्टेशनों से यात्रा करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
गौरीगंज रेलवे स्टेशन के साथ वाराणसी-लखनऊ के बीच पड़ने वाले छोटे स्टेशनों तक जाने वाले यात्रियों की सुविधा पर रेल प्रशासन भारी पड़ रहा है। करीब एक दर्जन से अधिक ट्रेन प्रतिदिन 10 से 15 घंटे विंलब से चल रही हैं। इसी बीच ट्रैक मरम्मत के नाम पर रविवार को विभाग ने वाराणसी से लखनऊ के बीच प्रतिदिन संचालित होने वाली वीपीएल पैसेंजर का संचालन अचानक 26 जुलाई तक के लिए निरस्त करने का आदेश जारी कर दिया।
इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। ट्रेन के निरस्त होने पर टिकट वापस करने के लिए काउंटर पर लोगों की भीड़ लग गई। स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह ने वाराणसी-लखनऊ अप/डाउन वीपीएल पैसेंजर का संचालन 26 जुलाई तक निरस्त होने की पुष्टि की है।
वीपीएल पैसेंजर लखनऊ वाराणसी रेल ट्रैक पर निरस्त होने वाली पहली ट्रेन नहीं है। विभाग के आदेश पर प्रतापगढ़-लखनऊ अप/डाउन शटल और डेमो पैसेंजर ट्रेन पहले से ही अगले आदेश तक निरस्त चल रही हैं।