इमारत की तीसरी मंजिल से गिरकर राजमिस्त्री की मौत
सुल्तानपुर। शहर के शास्त्रीनगर मोहल्ले की एक बिल्डिंग में प्लास्टर करते समय तीसरी मंजिला से गिरकर राजमिस्त्री की मौत हो गई। नगर क्षेत्र के ढकवा गांव निवासी काशीराम (60) राजमिस्त्री काम करता था। रविवार को काशीराम शहर के शास्त्रीनगर मोहल्ले में एक बिल्डिंग में प्लास्टर करने गया था। तीन मंजिला भवन में प्लास्टर करते समय अचानक पाड़ का पटरा टूट गया। इससे काशीराम तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। जानकारी पर भवन मालिक ने आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां कुछ देर बाद ही काशीराम की मौत हो गई। काशीराम की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।