रंगदारी मांगने का एक आरोपी गिरफ्तार
सुल्तानपुर। रंगदारी देने से इन्कार करने पर बृहस्पतिवार को डंपर चालक पर फायरिंग करने के एक आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
जयसिंहपुर क्षेत्र के सबई दरपीपुर गांव में हो रहे एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए मिट्टी की ढुलाई की जा रही है। यह काम डंपर चालक सुधीर कुमार (28) निवासी ग्राम मौली कछपूरा थाना किसनी जिला मैनपुरी को मिला है। बृहस्पतिवार दोपहर डंपर पर मिट्टी लादकर सुधीर कुमार क्षेत्र के सबई गांव के पास पहुंचा था, गांव निवासी अहमद हसन उर्फ छठु, इस्माइल पुत्रगण जहीद व शाहरुख खान पुत्र रशीद व नौशाद निवासी रायबरेली ने डंपर चालक सुधीर पर तमंचे से फायर झोंक दिया था।
फायरिंग में सुधीर बाल-बाल बच गया था। इससे के बाद हमलावरों ने सुधीर कुमार को डंपर से खींच कर चाकू से हमला किया था। आरोप है कि हमलावरों ने सुधीर से 22 सौ रुपये भी छीन लिए थे। सुधीर को बचाने पहुंचे विनोद सिंह की भी पिटाई कर दी। केस दर्ज कर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी अहमद हसन उर्फ छठू को गिरफ्तार कर लिया।