छप्पर फूंके, मारपीट व फायरिंग में छह घायल
गौरीगंज। मामूली विवाद पर बुधवार रात दो पक्षों में हुई भिड़ंत के बाद एक पक्ष की पक्की दीवार ढहा दी गई जबकि दूसरे के दो छप्पर फूंक दिए गए। मारपीट व फायरिंग में दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। घायलों में दो को जिला अस्पताल रायबरेली रेफर किया गया है। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के छह नामजद व पांच अज्ञात के खिलाफ मारपीट, फायरिंग और तीन लाख की डकैती का केस दर्ज कराया है। दूसरे पक्ष ने देर शाम तक तहरीर नहीं दी थी।
संभावा निवासी शिवसागर यादव मकान का निर्माण करा रहा था। बुधवार रात ट्रैक्टर से मोरंग ले जाने के दौरान धूल उड़ने पर राजनारायण यादव ने विरोध किया। इसी बात पर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। ग्रामीणों के बीच-बचाव पर झगड़ा शांत हो गया। आरोप है कि कुछ देर बाद राजनारायण पक्ष ने शिवसागर की पक्की चहारदीवारी ढहा दी। इसकी जानकारी शिवसागर पक्ष के लोगों ने राजनारायण के घर पर धावा बोलकर दो छप्पर फूंक दिए। इस दौरान फायरिंग भी की गई।
इसमें राजनारायण की मां राजपती, भाई राजबहादुर व भतीजा सुनील, संदीप और रवींद्र घायल हो गए। घटना में शिवसागर पक्ष के कल्लू निवासी पूरे इंदई मजरे संभावा को भी चोटें आईं। राजनारायण के पिता रामचरन का आरोप है कि शिवसागर पक्ष के लोगों ने उनके घर से नकदी, आभूषण समेत तीन लाख रुपये का कीमती सामान भी लूट लिया। ग्रामीणों के बीच-बचाव के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा जहां सुनील (सिर व पेट में गोली लगी है) व संदीप के साथ कल्लू को रायबरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बताया गया कि सुनील के सिर व पेट में गोली लगी है।
एसएचओ दुर्गेश श्रीवास्तव ने बताया कि रामचरन की तहरीर पर शिवसागर, लालबहादुर, दानबहादुर, रामसरन व कल्लू निवासी संभावा तथा पूरे रामसेवक मजरे गुदुनपुर निवासी कृष्णा समेत पांच अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दूसरे पक्ष ने अभी तहरीर नहीं दी है। घटना की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।