मासूम पर कुत्ते ने किया हमला, घायल
सुल्तानपुर। जमींन पर खेल रहे एक मासूम बच्चे को कुत्ते ने काट लिया। बच्चे की चीख पुकार सुनकर पहुंची नानी ने किसी तरह से बच्चे को बचाया। गंभीर रूप से घायल मासूम को परिवारीजन लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने बच्चे का उपचार किया, लेकिन उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
बल्दीराय क्षेत्र के सैनी गांव निवासी दिनेश यादव का नौ माह का बेटा अर्पित अपनी नानी इंद्रावती के पास रहता है। अर्पित के जन्म के दौरान ही उसकी मां मंजू की मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार सुबह साढ़े 10 बजे इंद्रावती अपनी गोद में लेकर अर्पित को खिला रही थी। वह किसी काम से पड़ोसी के घर चली गई और अर्पित को घर के बाहर ही बैठा दिया।
इस बीच एक आवारा कुत्ते ने अर्पित पर हमला कर दिया। बच्चे के रोने की आवाज सुनकर इंद्रावती पहुंची तो डंडे से कुत्ता को मारकर भगाया। कुत्ते के काटने से अर्पित के मुंह व गर्दन पर गंभीर चोट आई है। परिवारीजन उसे लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने अर्पित को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।