मारपीट में चार घायल
अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के गांव मुकुनपुर मजरे कोहरा निवासी राधेश्याम पाठक और दिनेश विश्वकर्मा के बीच शनिवार सुबह घूर गड्ढे में कूड़ा फेंकने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि दिनेश विश्वकर्मा के परिवारीजन घूर में जबरन कूड़ा फेंक रहे थे। राधेश्याम के भाई देवी प्रसाद ने कूड़ा फेंकने का विरोध किया। इस पर दिनेश ने अपने परिवारीजनों के साथ मिलकर देवी प्रसाद की पिटाई शुरू कर दी। बीच-बचाव के लिए दौड़ी पत्नी वंदना व बेटी स्वाती और भाभी प्रभावती को भी हमलावरों ने पीटा। पिटाई से चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवारीजनों की मदद से घायलों को सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद देवी प्रसाद की हालत गंभीर देख संयुक्त जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। पीड़ित राधेश्याम की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।