बोर्ड परीक्षा में फेल होने से आहत छात्र ने की खुदकुशी
अमेठी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा में फेल होने से आहत एक किशोर ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
पीपरपुर क्षेत्र के नेवढिया गांव निवासी शनि शर्मा (16) पुत्र विजय शर्मा हाईस्कूल का छात्र था। शनिवार को यूपी बोर्ड का परीक्षा परिणाम देखने के लिए शनि घर से बाजार गया था। परिणाम आने के बाद शनि घर पहुंचा। परिवारीजनों ने पूछा कि क्या हुआ तो उसने बताया कि वह फेल हो गया। इसके बाद शनि कमरे में चला गया। अपराह्न करीब तीन बजे परिवारीजन जब कमरे में पहुंचे तो शनि रस्सी के सहारे फंदे से लटक रहा था। शनि की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।