फाइलेरिया उन्मूलन अभियान पहले दिन ही धराशायी होता दिखा। बल्दीराय थाना क्षेत्र के नंदौली गांव में सोमवार की दोपहर फाइलेरिया की दवा खाने से 10 महिलाओं की हालत बिगड़ गई। बीमार लोगों को सीएचसी बल्दीराय में भर्ती कराया गया है।
जिले में सोमवार को फाइलेरिया उन्मूलन अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत बल्दीराय ब्लॉक में भी दवा की किट भेजी गई थी। सोमवार की दोपहर नंदौली गांव में आशा बहूएं व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने घर-घर जाकर महिलाओं और बच्चों को दवा खिला रही थीं।
दवा खाने के करीब दो घंटे बाद रमावती (45) पत्नी सत्य नारायण, फूलजहां (50) पत्नी इसराइल, सुमित्रा (35) पत्नी श्याम लाल, मिथलेश कुमारी (30) पत्नी सुरेश, संगीता देवी (30) पत्नी शिवकुमार, लैलितुन(50) पत्नी मोबीन, शिवपता (40) पत्नी रमेश, सुमन (20) पुत्री हरीराम समेत दो अन्य की तबीयत बिगड़ने लगी। उन्हें उल्टी के साथ ही घबराहट शुरू हो गई। यह देख परिवारीजनों में हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में परिवारीजन सभी को लेकर बल्दीराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। चिकित्सकों ने सभी का उपचार शुरू किया। देर शाम हालत में सुधार होने पर सभी को वापस घर भेज दिया गया।