सुल्तानपुर। दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मंडलायुक्त अयोध्या गौरव दयाल ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में भ्रष्टाचार के सवाल पर कहा कि यह गंभीर प्रकरण है। जांच अधिकारियों की रिपोर्ट में दोषी पाए गए समाज कल्याण अधिकारी व अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
बारिश और जलभराव के दौरान तीन दिनों तक मनरेगा का कार्य कराने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों काे फटकारा। डीएम को जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। कहा कि भ्रष्टाचार के लिए कोई जगह नहीं है। जहां पर भी शिकायतें मिली हैं,उन पर कार्रवाई की जाएगी। मंडलायुक्त ने कलेक्ट्रेट में डीएम कृत्तिका ज्योत्सना, एसपी सोमेन बर्मा, सीडीओ अंकुर कौशिक व जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ त्योहारों और सीएम पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की समीक्षा की।
सीएचसी में लिखी बाहर की दवाएं, कमीश्नर ने मांगा स्पष्टीकरण
कूरेभार। ग्राम पंचायत कूरेभार में कमीश्नर गौरव दयाल ने जनचौपाल लगाई। चौपाल में आलोक तिवारी ने शिकायत करते हुए कहा कि कूरेभार सीएचसी में दवा बाहर से लिखी जाती है। ज्यादातर मरीज को रेफर कर दिया जाता है। हॉस्पिटल में उपलब्ध बी कॉप्लेक्स की दवा की गुणवत्ता ठीक न होने की बात कही।
मंडलायुक्त ने सीएमओ डॉ. ओपी चौधरी और सीएचसी अधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह से स्पष्टीकरण मांगते हुए तुरंत मौके पर जाकर वास्तविकता की जांच करने का निर्देश दिया। विमला देवी, केश कुमारी ने विधवा पेंशन न मिलने की शिकायत की। भगवान दास यादव ने बताया कि आवास मिला है, शौचालय नहीं मिला है। कमीश्नर ने तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
हरिनाम गांव से कड़कनाथ तक माइनर पर सड़क बनाने को लेकर आई शिकायत पर मंडलायुक्त ने नहर विभाग को अनापत्ति प्रमाण पत्र देने के साथ बीडीओ को मार्ग बनवाने, कूरेभार प्राथमिक स्कूल प्रथम में जलभराव की समस्या, स्टेशन जाने वाले जर्जर मार्ग को दुरुस्त करने के लिए निर्देशित किया।