लंभुआ (सुल्तानपुर)। कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-वाराणसी फोरलेन पर सोमवार को सुबह तेज रफ्तार अनुबंधित रोडवेज बस ने कार में टक्कर मार दी। तेज रफ्तार बस गलत साइड पर कार को टक्कर मारते हुए डिवाइडर पर चढ़ गई। टक्कर से कार सवार दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए। बस के चालक व परिचालक फरार हो गए। घायलों को सीएचसी लंभुआ से एंबुलेंस से वाराणसी भेजा गया है।
वाराणसी के शिवपुर कोतवाली क्षेत्र के भोजूबीर मोहल्ला निवासी सूरज प्रताप सिंह (42) सोमवार को सुबह करीब सात बजे लखनऊ के लिए कार से निकले थे। उनके साथ उनकी पत्नी श्वेता सिंह (40), पुत्री काव्या (16) व ईवा (चार) भी थीं। सुबह करीब नौ बजे जैसे ही वह लोग फोरलेन के नरहरपुर कट पर पहुंचे थे। तभी दूसरी लेन से आई तेज रफ्तार अनुबंधित रोडवेज बस ने कार को सामने से टक्कर मार दी। इससे कार के परखचे उड़ गए।
कार को टक्कर मारने के बाद बस डिवाइडर पर चढ़कर उतर गई। बस सुल्तानपुर से वाराणसी की तरफ जा रही थी। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से घायल सूरज प्रताप सिंह, श्वेता सिंह, काव्या को सीएचसी में भर्ती कराया गया। बाद में उनकी हालत गंभीर देख सभी को वाराणसी के लिए एंबुलेंस से रवाना किया गया। प्रभारी निरीक्षक अखंडदेव मिश्र ने बताया कि दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
बस में सवार कई यात्रियों ने चालक पर लापरवाही से बस चलाने का आरोप लगाया। यह भी बताया कि काफी रफ्तार में चालक ने बिना दूसरी लेन में आ रहे वाहनों को देखे ही बस को मोड़ दिया था, जिससे यह हादसा हो गया। वहीं, कार में सवार ईवा हादसे में बाल-बाल बच गई।