सुल्तानपुर। केएनआई उपकेंद्र की बदहाल विद्युत आपूर्ति के विरोध में सोमवार को शहर के विनोबापुरी और सीताकुंड मोहल्ले के उपभोक्ता सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन करते हुए उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंच कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया। उपभोक्ताओं ने कहा कि दो महीने से सिर्फ 12 घंटे ही आपूर्ति की जा रही है। फॉल्ट का बहाना लेकर विद्युत कर्मी कटौती कर रहे हैं।
शहर का विनोबापुरी मोहल्ला पॉश एरिया में आता है, जहां हजारों की आबादी निवास करती है। यहां विद्युत आपूर्ति के लिए चार ट्रांसफार्मर लगे हुए हैं। इसके बावजूद पिछले दो महीनों से लोग बिजली की समस्या से जूझ रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को सभासद अरुण कुमार तिवारी के नेतृत्व में तमाम उपभोक्ता सड़क पर उतर पड़े। प्रदर्शन करते हुए उपभोक्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट प्रवीण कुमार को दिया। ज्ञापन में कहा गया है कि मोहल्लेवासियों को केएनआई उपकेंद्र से आपूर्ति दी जाती है। दो महीनों से स्थिति यह है कि शासन के निर्देश के अनुसार आपूर्ति नहीं दी जा रही है।
यह भी आरोप लगाया कि जब भी अधिकारी और कर्मचारी से बात करने के लिए फोन लगाया जाता है तो बात नहीं हो पाती है। अधिवक्ता मदन सिंह ने कहा कि विनोबापुरी, सीताकुंड समेत अन्य मोहल्लों में केएनआई उपकेंद्र से आपूर्ति आती है, जहां रात-रातभर कटौती हो रही। फाॅल्ट का बहाना लिया जा रहा है।। इस बीच उपभोक्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल डीएम से भी मिला। डीएम कृतिका ज्योत्सना ने अधीक्षण अभियंता को बुलाकर समस्या के निराकरण का आदेश दिया। इस मौके पर शैलेंद्र पांडेय, पवन पाठक, पिंटू सिंह, डॉ. कुंवर दिनकर प्रताप सिंह, अनिल सिंह, सुजीत कसौधन, सुमित पांडेय, लाल बहादुर मिश्र, रजनीश कुमार उपाध्याय व दीपक कुमार पांडेय मौजूद रहे।
इनकमिंग लाइन की ट्रॉली में लगी आग, रातभर गुल रही बिजली
दूबेपुर (सुल्तानपुर)। बारिश के मौसम में ट्रांसपोर्टनगर उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो गई है। इन दिनों अधिकतर फीडरों का संचालन ब्रेकडाउन होने के कारण घंटों ठप चल रहा है। रविवार की रात करीब एक बजे शाॅर्ट सर्किट से पावर हाउस की इनकमिंग (प्रथम) लाइन की ट्रॉली में आग लगने से अफरातफरी मच गई। कर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए तत्काल आग बुझा दी। खामी से कांशीराम, नारायनपुर, अहिमाने, प्लाई फैक्टरी, इंडस्ट्रियल एरिया व रेलवे वाशिंग लाइन फीडरों की आपूर्ति बाधित हो गई। अवर अभियंता जियालाल ने बताया कि अहिमाने फीडर की हाईटेंशन लाइन में शॉर्ट सर्किट होने से इनकमिंग ट्रॉली जल गई थी। मरम्मत कर सोमवार सुबह करीब छह बजे आपूर्ति बहाल कर दी गई थी। इस दौरान शहर से सटे कई मोहल्लों की बिजली रातभर गुल रहने से हजारों उपभोक्ताओं को मुसीबत झेलनी पड़ी। शिकायत पर अधीक्षण अभियंता एके सिंह सुबह करीब छह बजे ट्रांसपोर्टनगर उपकेंद्र पहुंचकर बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल करने का कर्मियों को निर्देश दिया। इसके बाद प्रभावित फीडरों की बिजली व्यवस्था सामान्य हुई।
एचटी लाइन का टूटा तार, 12 घंटे ठप रही बिजली
बंधुआकलां (सुल्तानपुर)। असरोगा उपकेंद्र के बंधुआकलां फीडर की लाइन रविवार की रात अचानक बंद हो गई। बिजली आपूर्ति ठप होने से बंधुआकलां, सगरा, हसनपुर, तिवारीपुर, बेनीराम का पुरवा समेत दर्जनों गांवों की करीब 20 हजार आबादी को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। एसडीओ प्रशांत शेखर श्रीवास्तव ने बताया कि असरोगा के पास हाईटेंशन लाइन का तार टूट गया था, जिसे सोमवार सुबह नौ बजे जोड़कर 12 घंटे बाद आपूर्ति बहाल करा दी गई थी। संवाद