सुल्तानपुर। एडीआरएम अयोध्या ने सोमवार को रेलवे स्टेशन पर निर्माण कार्यों का जायजा लिया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पश्चिमी कॉलोनी में बने रहे रनिंग रूम के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार को निर्माण कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था व लोको लॉबी कार्यालय की व्यवस्थाएं देखीं।
एडीआरएम अयोध्या सचिन वर्मा सोमवार सुबह 11 बजे कार से रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले पश्चिमी कॉलोनी पहुंचकर रनिंग रूम के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। वहां ठेकेदार को जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने रेलवे कर्मियों के लिए बन रहे कमरों का जायजा लिया।
इसके बाद रेलवे स्टेशन स्थित लोको लॉबी कार्यालय पहुंचे व व्यवस्थाएं देखीं। प्लेटफार्म एक पर मेटल डिटेक्टर न मिलने पर स्टेशन अधीक्षक को व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए निर्देश दिए। दोपहर 12 बजे एडीआरएम अयोध्या के लिए रवाना हो गए। निरीक्षण के दौरान एडीआरएम के साथ सीनियर डीईई संजीत सिंह व एडीएसओ लखनऊ ओपी तिवारी मौजूद रहे।
स्टेशन अधीक्षक ने जोड़ लिए हाथ तो मुस्कुराए एडीआरएम
एडीआरएम ने सुरक्षा के लिए जब स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना से सवाल किया तो उन्होंने हाथ जोड़ लिए। इस पर एडीआरएम मुकरा दिए। उन्होंने तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। अवैध पार्किंग पर एडीआरएम ने स्टेशन अधीक्षक से पूछा कि पार्किंग का क्या प्रावधान है। इस पर स्टेशन अधीक्षक ने जानकारी न होने की बात कही।
जल्द बनेगा स्टेशन भवन
एडीआरएम सचिन वर्मा ने बताया कि मास्टर प्लान तैयार है, बस स्ट्रक्चरल ड्राइंग का इंतजार है। ड्राइंग मिलते ही स्टेशन भवन का पुनर्विकास शुरू होगा। सर्कुलेटिंग एरिया का विस्तार किया जाएगा। कई यात्री सुविधाएं आधुनिक होंगी। स्टेशन पर अयोध्या की छाप दिखेगी।