लंभुआ (सुल्तानपुर)। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेदूपारा गांव के पास रविवार दोपहर अयोध्या से वाराणसी जा रही कार ढाबे के सामने खड़ी दूसरी कार से टकरा गई। हादसे में वाराणसी जा रही कार में सवार तीन श्रद्धालु घायल हो गए। दुर्घटना के समय दूसरी कार में कोई सवार नहीं था।
आजमगढ़ निवासी सिद्धार्थ सिंह रविवार दोपहर लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेदूपारा बाईपास के निकट स्थित ढाबे के सामने अपनी कार खड़ी कर साथियों के साथ खाना खा रहे थे। इसी बीच अयोध्या से श्रद्धालुओं को दर्शन कराकर वाराणसी की ओर जा रही कार ने ढाबे के सामने खड़ी सिद्धार्थ की कार में टक्कर मार दी। इसमें श्रद्धालुओं की कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार मीनाबेन (62), कनिका बेन (50) व रमेश भाई (55) गंभीर रूप से घायल हो गए। सिद्धार्थ की कार खड्ढ में जा गिरी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगाें की भीड़ इकट्ठा हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंभुआ में भर्ती कराया गया। कार चला रहे विनय तिवारी ने बताया कि सभी श्रद्धालु गुजरात के अहमदाबाद के रहने वाले हैं। ये लोग अयोध्या दर्शन करके काशी विश्वनाथ वाराणसी दर्शन करने जा रहे थे।