फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sultanpur News: बेसमेंट में चल रहे कोचिंग सेंटर

Sat, 03 Aug 2024 02:38 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सुल्तानपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। दिल्ली में हुए कोचिंग हादसे के बाद नियम विरुद्ध तरीके से बेसमेंट के दुरुपयोग के मामले में अफसरों की पोल खुल गई है। प्रदेश सरकार के आदेश पर एसडीएम ने शहर में छापेमारी तो शुरू की है, किंतु नियमों का सबसे ज्यादा उल्लंघन जिलाधिकारी आवास के इर्द-गिर्द ही हो रहा है। शहर का सबसे पॉश इलाका होने के कारण यहां एक साल से मानक के विपरीत लगातार निर्माण भी हो रहे हैं। साथ ही बेसमेंट में दुकानें व कोचिंग खुलकर चलाए जा रहे हैं।
विज्ञापन



शासन के निर्देश के बाद भले ही अफसरों ने शहर में नोटिस देने की कार्रवाई शुरू कर दी है, किंतु यह कार्रवाई ठोस मुकाम तक पहुंचेगी, इसमें अभी से संदेह है। क्योंकि नियमों का यह उल्लंघन एक दिन में शुरू नहीं हुआ है। अफसरों की आंखों के सामने ही कांप्लेक्स बनाए जा रहे हैं, जिसमें पार्किंग समेत सारे मानकों की अनदेखी की जा रही है। इसके बावजूद विनियमित क्षेत्र के अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं। सिविल लाइंस में इस समय करीब एक दर्जन ऐसे निर्माण हो रहे हैं, जिसमें निर्माण के मानकों की अनदेखी की जा रही है। अधिकांश भवनों में बेसमेंट बन रहे हैं, लेकिन इनका व्यावसायिक उपयोग ही किया जाना है। जबकि नियमानुसार बेसमेंट में पार्किंग का ही नक्शा पास किया जाता है।


बेसमेंट के दुरुपयोग के मामले में देखें तो जिलाधिकारी आवास के 100 मीटर के दायरे में ऐसे दर्जनभर से बड़े मामले मिल जाएंगे। जहां बेसमेंट का इस्तेमाल, दुकानें, गोदाम और शोरूम चलाने के लिए किया जा रहा है। यह हालात तब हैं, जब जिले की सबसे बड़ी अधिकारी रोज यहीं से गुजरती हैं।
विज्ञापन



शहर में जाम की सबसे बड़ी वजह
सुल्तानपुर : सिविल लाइंस क्षेत्र में जाम की सबसे बड़ी वजह यही है कि यहां अनेक कांप्लेक्स और होटल आदि बने हुए हैं, जिनके सारे वाहन सड़क पर ही खड़े होते हैं। क्योंकि इन लोगों ने नक्शे में पार्किंग बना रखी है, जबकि असल में पार्किंग का इस्तेमाल व्यवसाय के लिए किया जा रहा है। यदि इन्हें खाली करवा दिया जाए तो शहर में जाम की समस्या ही खत्म हो जाए।




छह सदस्यीय टीम बनाई, 20 को नोटिस
सुल्तानपुर। शहर में भवन निर्माण में मानकों का पालन कराने और पार्किंग सुनिश्चित करवाने के जिम्मेदार विनियमित क्षेत्र के नियत प्राधिकारी एसडीएम सदर टीपी सिंह दो दिन से कुछ सक्रिय हुए हैं। शुक्रवार को उन्होंने पुलिस, नगर पालिका व अग्निशमन विभाग के अफसरों के साथ भ्रमण कर बेसमेंट में चल रहीं 20 दुकानों व कोचिंगों को नोटिस जारी किए हैं। साथ ही मानकों का अनुपालन कराने के लिए नायब तहसीलदार नगर दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में छह सदस्यीय टीम बनाई है। जिसमें दो पुलिस चौकी इंचार्ज भी शामिल हैं। जिनसे नियमित रिपोर्ट देने को कहा गया है। एसडीएम टीपी सिंह कहते हैं कि मानकों का पालन कराया जाएगा। नोटिस का जवाब मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें