मेडिकल कॉलेज के बाहर लगा जाम। -संवाद
सुल्तानपुर। शहर में जाम अब नया नहीं रहा। अगर आप मेडिकल कॉलेज की तरफ से गुजरे तो जाम फंसना तय है। यह जाम यहां से शुरू होकर बस अड्डे तक और पंचरास्ता से होकर डाकखाना चौराहे तक रहता है। सबसे बड़ी वजह ई-रिक्शों की बेहिसाब संख्या और बेतरतीब संचालन है। ऊपर से अतिक्रमण ने समस्या को और बढ़ा दिया है।
ऐसे में अधिकारी लंबे समय से यह दावा करते चले आ रहे हैं कि अभियान चलाकर शहर में अतिक्रमण हटवाया जाएगा। वेंडिंग जोन में ठेले शिफ्ट किए जाएंगे। पार्किंग के इंतजाम होंगे किंतु असल में ऐसा कुछ नहीं हुआ। पहले दुर्गापूजा महोत्सव का बहाना फिर आए दिन किसी न किसी आयोजन के बहाने अफसर ये बला टाल रहे हैं। इसका खामियाजा रोज जनता भुगत रही है। शनिवार को भी यही हालात बने रहे। शहर के एक तिहाई हिस्से में जाम बना रहा।
अफसरों ने चौक को जाम के नाम कर दिया दर्ज
चौक घंटाघर को किसी भी शहर का हृदयस्थल कहा जाता है। किंतु सुल्तानपुर के इस दिल को केवल अतिक्रमण के लिए जाना जाता है। यहां फुटपाथ ही नहीं, डामर रोड पर भी खुलेआम दुकानें लगती हैं। इसे सलीके से लगवाने के बजाय अफसरोें ने इधर से वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया है जिसका असर शहर के दूसरे इलाकों पर पड़ता है।
तीन दिसंबर के बाद होगी कार्रवाई
एडीएम प्रशासन पंकज सिंह का कहना है कि इन दिनों मतदाता सूची का काम तेज है, इसलिए समय कम मिला। किंतु तीन दिसंबर के बाद पूरी तरह योजना बनाकर सभी विभाग मिलकर जाम का हल तलाशेंगे और प्रभावी कार्रवाई करेंगे।