सुल्तानपुर। नगर पालिका और दो नगर पंचायतों में आयोजित भव्य कार्यक्रम के बीच शहर की सरकार ने शुक्रवार को सत्ता संभाल ली। शपथ ग्रहण के बाद अध्यक्षों ने निकायों में पहुंचकर अपना पदभार संभाला और औपचारिकताएं पूरी की। तीनों निकायों में अध्यक्ष के बाद सभासदों ने भी शपथ ली। अब निकायों की आबादी व विकास की जिम्मेदारी चेयरमैनों पर आ गई है। नगर पालिका के कार्यक्रम में मौजूद जिले के प्रभारी मंत्री ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।
भव्य आयोजन के बीच तीसरी बार संभाली चेयरमैन की कुर्सी
शहर के पं. रामनरेश त्रिपाठी सभागार में भव्य आयोजन के बीच दोपहर करीब 12 बजे जिला मजिस्ट्रेट जसजीत कौर ने नगर पालिका चेयरमैन प्रवीन कुमार अग्रवाल को शपथ दिलाई। इसके बाद चेयरमैन ने 24 सभासदों को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के बाद चेयरमैन ने कहा कि जनता ने जो उम्मीद जताई है, उसे पूरा किया जाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश के प्राविधिक शिक्षा व जिले के प्रभारी मंत्री ने आशीष पटेल ने नए चेयरमैन से शहर के विकास की उम्मीद जताई। कहा कि सुल्तानपुर के विकास के लिए प्रभारी मंत्री के रूप में पूरा सहयोग दिया जाएगा।
शपथ लेने के बाद चेयरमैन ने पालिका में पहुंचकर पदभार संभाला। उन्होंने पालिका का निरीक्षण भी किया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा, शहर विधायक विनोद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह, विधायक राजप्रसाद उपाध्याय, राजेश गौतम, सीताराम वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा, अपना दल जिलाध्यक्ष आशीष पटेल समेत भाजपाई व अन्य मौजूद रहे। वहीं पूर्व चेयरमैन बबिता जायसवाल व उनके पति के कार्यक्रम में मौजूद न रहने पर चर्चा होती रही।
शपथ ग्रहण समारोह में बारिश ने डाला खलल
पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार परिसर में नगर पालिका के शपथ ग्रहण समारोह में बारिश ने खलल डाल दी। शपथ ग्रहण के पहले ही बादल छाए रहे। चेयरमैन व सभासदों के शपथ लेने के बाद ही बारिश शुरू हो गई। इस वजह से प्रभारी मंत्री आशीष पटेल व चेयरमैन को अपना संबोधन धन्यवाद देकर समाप्त करना पड़ा। प्रभारी मंत्री के संबोधन के दौरान ही दर्शक दीर्घा में बैठे आधे लोग भाग गए। इससे कार्यक्रम जल्द समाप्त करना पड़ा।
तीसरी बार संभाला चेयरमैन का पद
नगर पालिका का चेयरमैन पद प्रवीन कुमार अग्रवाल ने तीसरी बार संभाला है। पहली बार वह वर्ष 2006 में चेयरमैन चुने गए थे। इसके बाद लगातार दूसरी बार वर्ष 2012 में चेयरमैन बने। वर्ष 2017 में टिकट कटने की वजह से उनकी हैट्रिक नहीं लग सकी। शुक्रवार को उन्होंने तीसरी बार शपथ ली।
निर्दल अवनीश सिंह ने सभासदों के साथ ली शपथ
नवसृजित लंभुआ नगर पंचायत के चेयरमैन पद की शपथ लेने के बाद अवनीश कुमार सिंह अंगद पहले अध्यक्ष बन गए। कस्बे में मेलावाली बाग में आयोजित समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नए चेयरमैन ने शपथ ली। शपथ के पहले उन्होंने मंच पर ही पूजन करते हुए आरती की। इसके बाद एसडीएम वंदना पांडेय ने उन्हें शपथ दिलाई। बाद में 15 सभासदों को शपथ दिलाई गई। अवनीश सिंह ने कहा कि चुनाव में किए गए वादों को पूरा किया जाएगा। इसके बाद नगर पंचायत पहुंचकर उन्होंने चार्ज लिया। इस मौके पर ईओ अमित सिंह समेत अन्य मौजूद रहे। कार्यक्रम में लगे ऊं के झंडे चर्चा का विषय बने रहे।
रुबीना खातून ने ली दूसरी बार शपथ
नगर पंचायत कोइरीपुर की बसपा पार्टी के टिकट पर निर्वाचित चेयरमैन रुबीना खातून ने दूसरी बार अध्यक्ष पद की शपथ ली। नगर पंचायत में आयोजित समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच एसडीएम बल्दीराय महेंद्र श्रीवास्तव ने रुबीना खातून को शपथ दिलाई। वह इसके पहले वर्ष 2012 में चेयरमैन रहीं।
इसके बाद 10 वार्ड सदस्यों को एक साथ शपथ दिलाई गई। शपथ के बाद चेयरमैन ने सभी के प्रति आभार जताया। मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद अवनीश सिंह ने कहा कि नगर पंचायत के विकास कार्य में कोई कोताही नहीं की जाएगी। नई चेयरमैन जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेंगी। इस मौके पर बसपा के पदाधिकारी व अन्य मौजूद रहे।
दोस्तपुर व कादीपुर में आज अध्यक्ष लेंगे शपथ
कादीपुर व दोस्तपुर नगर पंचायत में शनिवार को शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा। कादीपुर में अध्यक्ष व चेयरमैन को जूनियर हाईस्कूल के प्रागंण में सुबह शपथ दिलाई जाएगी। इसके लिए तैयारियां चल रही हैं। दोस्तपुर में छावनी वार्ड में शिवमंदिर के पास आयोजित कार्यक्रम में शपथ ग्रहण होगा। तैयारियां तकरीबन पूरी हो गई हैं।