एसपी कार्यालय में पुलिस अधीक्षक से बात करते मृतक बच्चे के परिजन। स्रोत-सोशल मीडिया
सुल्तानपुर। शहर के डाकखाना के निकट स्थित बच्चों के एक अस्पताल में बुधवार को भर्ती चार साल के मासूम की बृहस्पतिवार सुबह मौत हो गई। उसकी मौत के लिए परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक व अन्य कर्मियों को जिम्मेदार ठहराते हुए एसपी को शिकायती पत्र दिया। परिजनों ने केस दर्ज कराने की मांग की। एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
लंभुुआ कोतवाली क्षेत्र के घाटमपुर दक्षिणी गांव निवासी संदीप यादव की पत्नी अंजू यादव का आरोप है कि बुधवार दोपहर उनके बेटे आयन (04) की तबीयत खराब हो गई थी। उसे हल्का बुखार चढ़ा था। आनन-फानन उसे डाकखाना के निकट स्थित एक निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया था।
बताया कि अस्पताल के कर्मचारियों की देखरेख में पूरी रात दवा दी गई। डॉक्टर उसे देखने तक नहीं आए। उसकी तबीयत में कोई सुधार भी नहीं हुुआ। बृहस्पतिवार सुबह डॉक्टर आए और बच्चे को एक साथ कई इंजेक्शन लगा दिए। डॉक्टर की लापरवाही के कारण उनके बेटे की मौत हो गई।
अंजू यादव ने बच्चे की मौत के लिए अस्पताल के कर्मचारियों व डॉक्टर को जिम्मेदार ठहराया। इस संंबंध में परिजनों ने पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा से मिलकर उन्हें शिकायती पत्र दिया। एसपी ने हर संभव मदद का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।