सुल्तानपुर। त्रिस्तरीय पंचायत के उपचुनाव में चार ग्राम प्रधान, एक क्षेत्र पंचायत व दो ग्राम पंचायत सदस्य के पद पर निर्वाचन के आसार बने हैं। जांच के दौरान सभी नामांकन पत्र सही पाए गए। बुधवार को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे।
त्रिस्तरीय पंचायत के खाली चल रहे ग्राम प्रधान के पांच, क्षेत्र पंचायत सदस्य के पांच व ग्राम पंचायत के 93 पदों पर उपचुनाव कराया जा रहा है। सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। मंगलवार को जांच के दौरान सभी नामांकन पत्र वैध पाए गए। जांच के बाद प्रधान पद के लिए नामांकन करने वाले कुड़वार के बुकुनपुर में तीन, धनपतगंज के मायंग में पांच, बल्दीराय के अरवल में पांच व कूरेभार के सिरवारा में सात लोगों की ओर से भरे गए पर्चे सही पाए गए हैं।
इसी तरह धनपतगंज के मायंग में क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए इसौली के पूर्व विधायक सोनू सिंह के चाचा ऋषिभद्र सिंह व रामदेव का नामांकन पत्र सही पाया गया है। ग्राम प्रधान के लिए कुड़वार के भड़रा परसुराम में दाखिल एक नामांकन पत्र भी सही पाया गया। एक नामांकन दाखिल होने से प्रत्याशी का निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया है। इसी तरह दूबेपुर विकास खंड के दो वार्ड व मोतिगरपुर व कादीपुर विकास खंड के एक-एक क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए दाखिल नामांकन पत्र भी सही पाया गया है।
ग्राम पंचायत सदस्य 86 पदों के लिए दाखिल नाम निर्देशन पत्र भी जांच में सही मिले हैं। ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए जयसिंहपुर के फतेहपुर संगत में दो व बल्दीराय के बीहीनिदूरा ग्राम पंचायत में दो लोगों ने नाम निर्देशन किया है। उपचुनाव में प्रधान के पांच पदों के सापेक्ष चार पदों पर कई प्रत्याशियों के उतरने से बुकुनपुर, अरवल, सिरवारा व मायंग में चुनाव तकरीबन तय है।
इसी तरह धनपतगंज के मायंग में बीडीसी के एक पद पर निर्वाचन के आसार बने हैं। ग्राम पंचायत सदस्य के दो पदों पर निर्वाचन के आसार हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कमलेश बाजपेयी ने बताया कि बुधवार को नाम वापसी नहीं होने पर उपचुनाव में प्रधान के चार, बीडीसी के चार व ग्राम पंचायत सदस्य के दो पदों पर निर्वाचन के आसार हैं।