सुल्तानपुर। जिले में 58 खरीद केंद्रों पर सोमवार को दूसरे दिन भी गेहूं की खरीद नहीं हो सकी। दिन भर क्रय केंद्र प्रभारी किसानों का इंतजार करते रहे लेकिन शाम तक एक भी किसान नहीं आया। किसानों के न आने से क्रय केंद्रों पर सन्नाटा पसरा रहा।
जिले में खाद्य एवं विपणन विभाग की ओर से तय किए गए 58 क्रय केंद्रों पर शनिवार को गेहूं खरीद शुरू की गई थी। पहले दिन किसानों के न आने से एक भी केंद्र पर गेहूं नहीं खरीदा जा सका। रविवार को अवकाश की वजह से सभी केंद्र बंद रहे।
सोमवार को दूसरे दिन क्रय केंद्रों को खोला गया। दिन भर क्रय केंद्र प्रभारी किसानों की राह देखते रहे। शाम तक किसानों के न आने से उन्हें केंद्र बिना खरीद के ही बंद करना पड़ा। शासन की ओर से गेहूं खरीद के लिए 2125 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य तय किया गया है।
खाद्य एवं विपणन विभाग के 20, पीसीएफ के 37 व भारतीय खाद्य निगम का एक क्रय केंद्र गेहूं खरीद के लिए खोला गया है। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी विनीता मिश्रा ने बताया कि एक भी क्रय केंद्र पर गेहूं की खरीद नहीं हो सकी है।