सुल्तानपुर। शहर में बिकने के लिए लाया जा रहा प्रतिबंधित प्लास्टिक का गिलास शनिवार को स्थानीय लोगों के सहयोग से नगरपालिका टीम ने पकड़ लिया। टीम ने गिलास लेकर आ रही दोनों वैनों को कब्जे में लेते हुए 25 हजार रुपये का जुर्माना ठोंका। जुर्माने की रकम जमा होने के बाद दोनों वाहन छोड़ते हुए गिलास जब्त कर लिए।
शहर के सौरमऊ ओवरब्रिज के पास स्थानीय लोगों ने प्रतिबंधित प्लास्टिक गिलास लदी दो वैनों को रोकते हुए नगरपालिका व पुलिस को सूचना दी। नगर कोतवाली पुलिस व नगरपालिका के अधिशाषी अधिकारी श्यामेंद्र मोहन, साधना सिंह समेत अन्य मौके पर पहुंच गए और दोनों वैन समेत प्लास्टिक के गिलास को कब्जे में ले लिया।
दोनों वैन पर 7.40 क्विंटल प्लास्टिक गिलास पाया गया है। प्रतिबंधित प्लास्टिक ग्लास मिलने पर नगर पालिका ने दोनों वैनों पर 25 हजार रुपये का जुर्माना ठोंका। अधिशाषी अधिकारी श्यामेंद्र मोहन ने बताया कि जुर्माने की रकम तत्काल जमा न होने पर दोनों वाहनों को कोतवाली नगर लाया गया। जुर्माना जमा होने के बाद दोनों को छोड़ दिया गया। प्लास्टिक के गिलासों को कब्जे में रखा गया है।