करौंदीकला थाना क्षेत्र के पहाड़पुर निवासी गिरीश दत्त पांडेय का आरोप है कि उनके पड़ोस के शिवशंकर पांडेय ने उनकी वल्दियत को विवादित करने के लिए उनकी माता के नाम से एक फर्जी राशन कार्ड बनवाया। उनके पुत्र समेत परिवार के अन्य सदस्यों के आधार में फर्जीवाड़ा करके शिवशंकर पिछले 10 वर्ष से राशन ले रहा था। उन्हें जानकारी हुई तो उन्होंने कोटेदार से बात की। कोटेदार ने बताया कि राशन शिवशंकर पांडेय अंगूठा लगा करके विगत कई वर्षों से ले रहे हैं।
इसके बाद उनकी शिकायत पर राशन कार्ड निरस्त कर दिया गया। उन्होंने पूर्व प्रधान बाबू राम और शिवशंकर के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। आरोप लगाया कि दोनों लोगों ने मिलकर तमाम फर्जी राशनकार्ड बनाए हैं। जांच होगी तो सत्यता सामने आ जाएगी। तहरीर पर मंगलवार को पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र प्रताप सिंह ने केस दर्ज करने की पुष्टि है।
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूर्ति निरीक्षक जितेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि प्रकरण की जानकारी नहीं थी। केस दर्ज हुआ है तो जांच कराई जाएगी। उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी।